UAE में बक्सर के भाई-बहन का अंतरराष्ट्रीय खेलों में जलवा, चांदनी ने जीते दो स्वर्ण और एक रजत, चंदन ने हासिल किए दो रजत पदक
15वीं AMPC एशियन बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और बिहार का बढ़ाया मान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने दी बधाई

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के बक्सर जिले के कम्हारिया गांव के प्रतिभाशाली भाई-बहन चंदन कुमार साहनी एवं चांदनी कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित 15वीं AMPC एशियन बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन चैंपियनशिप 2026 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से कम्हारिया गांव सहित पूरे बक्सर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्रतियोगिता में चांदनी कुमारी ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वहीं, उनके भाई चंदन कुमार साहनी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। दोनों भाई-बहनों ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तिरंगे का मान बढ़ाया है।
उनकी इस सफलता को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि कम्हारिया गांव के इन दोनों होनहार खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर यह दिखा दिया है कि बक्सर जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल ऐसी प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने की है।
पंकज उपाध्याय ने कहा कि चंदन और चांदनी की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे बक्सर जिले और बिहार के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता जिले के हजारों युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आने वाले समय में भी अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के बल पर देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।




