बक्सर की ऐतिहासिक धरती, किसान की पीड़ा और जमीन की लड़ाई को साहित्य में समेटती कहानी ‘1764’
कथकौली गांव की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ी देवेंद्र चौबे की कहानी का हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी के बाद अब रूसी भाषा में हो रहा अनुवाद, ‘1764 तथा अन्य कहानियाँ’ संग्रह का जेएनयू में हुआ लोकार्पण

न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय इतिहास में 1764 का वर्ष बक्सर युद्ध के लिए विशेष महत्व रखता है। बिहार के बक्सर शहर के समीप कथकौली गांव के खेतों में लड़े गए इस ऐतिहासिक युद्ध की स्मृतियों को समेटे देवेंद्र चौबे की कहानी ‘1764’ इतिहास, किसान की जमीन, उसकी अस्मिता और समकालीन राजनीतिक विडंबनाओं को साहित्य के माध्यम से सामने लाती है। यह कहानी अब हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी के बाद रूसी भाषा में भी अनुवादित हो रही है, जो बक्सर की ऐतिहासिक विरासत और साहित्यिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कहानी का केंद्र कथकौली गांव के किसान परिवार का पात्र छोटे मियां है। कहानी में राजनीतिक षड्यंत्र के तहत गांव में तालाब निर्माण के नाम पर किसान की जमीन अधिग्रहित किए जाने की पीड़ा को अभिव्यक्त किया गया है। एक किसान के लिए जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि जीवन, आजीविका, पहचान और पूर्वजों की विरासत होती है। छोटे मियां को इस बात का भी गहरा दुख है कि जिन जमीनों को उनके पूर्वजों ने 1764 में बंगाल के नवाब मीर कासिम के साथ ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना के कप्तान हेक्टर मुनरो के खिलाफ लड़ते हुए बचाने का प्रयास किया था, वही जमीन स्वतंत्र भारत में उनसे छीनी जा रही है।
कहानी के अनुवाद से जुड़ी बातचीत में युवा रूसी अध्येता और अनुवादिका अलीना वीतर ने जमीन के महत्व पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक किसान के लिए जमीन का बहुत महत्व होता है। बिना जमीन के वह अन्न का उत्पादन नहीं कर सकता। कहानी का यही पक्ष उन्हें विशेष रूप से प्रभावित करता है। कहानी पहली बार वर्ष 2003 में हिंदी की प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका हंस में प्रकाशित हुई थी, जिसके संपादक प्रसिद्ध कथाकार राजेंद्र यादव थे। वर्ष 2005 में इसका उर्दू अनुवाद उर्दू अदब में प्रकाशित हुआ। वर्ष 2016 में इसका अंग्रेजी अनुवाद भारत सरकार की साहित्य अकादमी की पत्रिका Indian Literature में प्रकाशित हुआ। अब मस्को की युवा अध्येता अलीना वीतर, प्रो. सोनू सैनी के अनुवाद समूह के साथ इस कहानी का रूसी भाषा में अनुवाद कर रही हैं।
इसी कहानी के नाम पर देवेंद्र चौबे का कहानी-संग्रह 1764 तथा अन्य कहानियाँ वर्ष 2026 में आधार प्रकाशन, पंचकूला से प्रकाशित हुआ। इसका लोकार्पण 22 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में ‘इतिहास, स्मृति एवं साहित्य’ विषय पर आयोजित परिसंवाद के दौरान हुआ। कार्यक्रम में इतिहासकार एसएनआर रिजवी, सलिल मिश्र, रश्मि चौधरी, विनोद शाही, किरण सिंह, देश निर्मोही, गरिमा श्रीवास्तव, मुजीब उर रहमान, राजीव सक्सेना, सोनू सैनी, राज गोपाल सिंह वर्मा, हरियश राय, अजमेर सिंह काजल, धर्म प्रकाश वाजपेयी, राजेश पासवान, सफीना बेगम, अभिषेक पाण्डेय, धीरेश तिवारी और गनेशी लाल सहित अनेक साहित्यकार, अध्येता एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। यह कहानी इतिहास को केवल युद्ध की घटना के रूप में नहीं, बल्कि जमीन, स्मृति, किसान और समाज के वर्तमान संघर्षों से जोड़कर देखने का अवसर देती है।
वीडियो देखें :




