CRIME

बनारपुर के बधार में संदिग्ध हालत में मिला अधेड़ मजदूर का शव, इलाके में मची सनसनी

22 अगस्त की रात से लापता था केदार चौधरी, जेब से मिले मजदूरी के करीब आठ हजार रुपये; मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव के बधार में मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर जा रहे ग्रामीण किसानों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों और मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बनारपुर गांव निवासी केदार चौधरी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि केदार चौधरी क्षेत्र में स्थित एक चिमनी पर मजदूरी का काम करते थे।

 

22 अगस्त की रात से थे लापता

मृतक के पुत्र धनु कुमार चौधरी ने बताया कि उनके पिता 22 अगस्त की रात करीब नौ बजे से लापता थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजन पुलिस को सूचना देने की तैयारी कर ही रहे थे कि मंगलवार की सुबह बनारपुर के बधार में शव मिलने की जानकारी उन्हें मिली। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव की पहचान केदार चौधरी के रूप में की गई। शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जेब से मिले मजदूरी के करीब आठ हजार रुपये

परिजनों के अनुसार, केदार चौधरी की जेब से करीब आठ हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। बताया गया कि यह राशि वह चिमनी पर मजदूरी करने के बाद अपने साथ लेकर आए थे। रुपये सुरक्षित मिलने के कारण परिजन घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। खास तौर पर इस बात का पता लगाया जा रहा है कि 22 अगस्त की रात घर से निकलने के बाद केदार चौधरी बधार तक कैसे पहुंचे। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button