OTHERS

मानवता में एकजुटता का संदेश: विश्व रेडक्रॉस दिवस पर बक्सर में रक्तदान शिविर व संगोष्ठी का आयोजन

जिला पदाधिकारी ने किया झंडातोलन, आपदा प्रबंधन और मानव सेवा में रेडक्रॉस की भूमिका को बताया अहम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
8 मई विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, बक्सर द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा झंडातोलन के साथ हुई। इसके बाद रक्तदान शिविर एवं चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी को निरंतर सहयोग देने वाली विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को सम्मानित भी किया गया।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी का थीम “मानवता में एकजुटता” रखा गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों ने मानव सेवा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक सहयोग पर अपने विचार रखे। जिला पदाधिकारी महोदया ने रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था को और अधिक मजबूत बनाकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी सेवाओं को पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जहां भी रेडक्रॉस सोसाइटी को जिला प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता होगी, प्रशासन हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने आने वाले दिनों में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में रेडक्रॉस की और अधिक सक्रिय भूमिका की अपेक्षा जताई तथा संस्था के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

 

मौके पर उपस्थित अपर समाहर्ता अरुण कुमार ने आपदा प्रबंधन में रेडक्रॉस सोसाइटी के बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं एसडीएम अविनाश कुमार, सिविल सर्जन बक्सर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय ने भी अपने विचार रखते हुए मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। कार्यक्रम का मंच संचालन रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने किया। उन्होंने संस्था के पिछले कार्यों, वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, राजीव सिंह, सतेंद्र सिंह, ओमजी यादव, निसार अहमद, मनोज राय एवं अविनाश जायसवाल द्वारा आगंतुक अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस सदस्य इफ्तखार अहमद, जमाल जी, स्नेहाशीष वर्धन, नंदू पाण्डेय, डॉ. पी.के. पांडेय, डॉ. दिलशाद अहमद, सुरेश संगम, ब्रजकिशोर सिंह सहित मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष एवं अन्य महिला सदस्य उपस्थित रहीं। रक्तदान शिविर में करीब पांच लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदान करने वालों में ब्लड बैंक प्रभारी सचिन राय, गुड्डू जायसवाल, मुकेश कुमार, वीरेंद्र सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button