OTHERS

भीषण गर्मी में सेवा का संदेश: बक्सर स्टेशन से स्पेशल ट्रेन से गुजर रहे बीएसएफ जवानों का हुआ सम्मान

युवा शक्ति सेवा संस्थान ने स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे बीएसएफ जवानों को सौंपे फल, गूंजे भारत माता की जय के नारे

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर देशभक्ति और सेवा भावना का अनूठा दृश्य देखने को मिला। युवा शक्ति सेवा संस्थान के संयोजक रामजी सिंह ने अपनी टीम के दर्जनों साथियों के साथ स्टेशन पर पहुंचकर आरपीएफ इंस्पेक्टर कुन्दन कुमार के सहयोग से स्पेशल ट्रेन से गुजर रहे बीएसएफ जवानों को फल सौंप कर उनका सम्मान किया।

 

गर्मी के इस कठिन मौसम में जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से किए गए इस सेवा कार्य को यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी सराहा। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया। इस दौरान रामजी सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात बीएसएफ जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, तभी देश के नागरिक सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा कि जवानों के सम्मान में किया गया यह छोटा सा प्रयास समाज में सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा।

 

उन्होंने आगे कहा कि जवान सिर्फ सीमा की सुरक्षा नहीं करते, बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रहरी भी हैं। ऐसे वीर सपूतों के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। फल वितरण कार्यक्रम के दौरान जवानों ने भी संस्थान के इस प्रयास की सराहना की और टीम के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने कहा कि देश के सैनिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना हर युवा के भीतर होनी चाहिए। इस मौके पर स्टेशन परिसर कुछ देर के लिए देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रियों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे कार्य लोगों को सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। मौके पर पूर्व सैनिक मुन्ना जी, प्रमोद केसरी, त्रिभुवन ओझा, कन्हैया यादव, चन्दन गुप्ता, धीरज जायसवाल, मुन्ना पांडेय समेत अन्य शामिल रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button