बिजली संकट से परेशान सोहनीपट्टी के लोगों का पावर हाउस पर हंगामा, अधिकारियों के खिलाफ जताया आक्रोश
वार्ड 22 और 23 के दर्जनों निवासी पहुंचे चरित्रवन स्थित पावर हाउस, ट्रांसफार्मर व जले तारों की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 एवं 23 स्थित सोनीपट्टी मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने लगातार बनी बिजली समस्या को लेकर सोमवार को चरित्रवन स्थित पावर हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने और तत्काल समस्या के समाधान की मांग को लेकर पहुंचे है।
वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार समेत विकास कुमार, दीपक कुमार समेत दर्जनों मोहल्लेवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बार-बार बिजली के तार जल जा रहे हैं, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। वहीं एक ट्रांसफार्मर भी खराब पड़ा हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक उसे बदलने या मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार कॉल सेंटर पर फोन किया गया, लेकिन उनकी शिकायतें सुनी नहीं गईं। कई बार अधिकारियों को फोन और संदेश भेजे गए, परंतु किसी प्रकार का जवाब नहीं मिला। इससे मोहल्ले के लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोटर नहीं चल पाने से लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पावर हाउस पहुंचे लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द जले हुए तार बदलने, खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने तथा नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पहुंचे लेकिन कार्यालय में 12 बजे तक कोई अधिकारी मौजूद नहीं रहा जिस पर गुस्सा और भड़क गया। मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वीडियो देखें :





