वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार वर्मा को चौसा में भावभीनी श्रद्धांजलि, शोक सभा में न्याय और समाज सेवा के योगदान को किया गया याद
युवा अधिवक्ता कल्याण समिति संघर्ष मोर्चा की शोक सभा में दो मिनट का मौन रख दी गई श्रद्धांजलि, डॉ. मनोज यादव बोले— अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति


न्यूज़ विज़न। बक्सर
युवा अधिवक्ता कल्याण समिति संघर्ष मोर्चा के संयोजक एवं पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव अधिवक्ता की अध्यक्षता में चौसा नगर पंचायत में बक्सर व्यवहार न्यायालय के वरीय एवं विद्वान अधिवक्ता श्री विजय कुमार वर्मा उर्फ झब्बू बाबू के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
शोक सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा विधि जगत के एक प्रतिष्ठित, विद्वान एवं सम्मानित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में न्याय, सत्य और समाज सेवा के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज एवं अधिवक्ता समुदाय का मार्गदर्शन किया। उनका निधन न केवल अधिवक्ता समाज बल्कि पूरे बक्सर जिले के लिए अपूरणीय क्षति है। डॉ. यादव ने कहा कि स्वर्गीय वर्मा का व्यक्तित्व सरल, सौम्य और प्रेरणादायी था। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और न्याय के प्रति समर्पण से अनेक लोगों को लाभान्वित किया। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और समाज के प्रति योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। शोक सभा में अधिवक्ता डॉ. सुनील कुमार सिंह, नोटरी रामलखन पाल, विनोद कुमार यादव, नितेश कुमार उपाध्याय, संजय कुमार सिंह, बबन सिंह सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय विजय कुमार वर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।





