NEET पेपर लीक के विरोध में AAP का बक्सर में जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला
50 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग, दोषियों को फांसी देने की भी उठी आवाज


न्यूज़ विज़न। बक्सर
NEET प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार, 15 जून को आम आदमी पार्टी (AAP) की बक्सर जिला इकाई ने जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है और कई अभ्यर्थी मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि NEET पेपर लीक से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
प्रदर्शन के दौरान यह भी मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए और प्रश्नपत्र लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कायम रहे। इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा, जिला महासचिव रंजीत कुमार, जिला मुख्य प्रवक्ता शुभम उपाध्याय, जिला विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश कुमार, राजकुमार श्रीवास्तव, ब्रजेश कुमार, सोहन वर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वीडियो देखें :





