OTHERS

रोटरी क्लब बक्सर ने देशभक्ति के रंग में मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, फुटबॉल मैच में बक्सर ने बलिया को 3-0 से हराया

ध्वजारोहण से लेकर जरूरतमंदों के बीच जलेबी-लड्डू वितरण तक हुए कई कार्यक्रम, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सेवा का लिया संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रोटरी क्लब बक्सर द्वारा भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रोटरी भवन बक्सर में आयोजित मुख्य समारोह में रोटरी क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद रोटरी क्लब, रोट्रेक्ट क्लब एवं रोटरी सहेली सेंटर के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन किया। ध्वजारोहण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

शहीदों के सपनों का भारत बनाने का लिया संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब बक्सर समाज के विकास, जरूरतमंदों की सहायता और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। क्लब भविष्य में भी सेवा, सहयोग और राष्ट्र निर्माण के अपने संकल्प को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाता रहेगा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम एवं रोटेरियन मीना सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता और जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

 

यमुना चौक पर श्रमिकों और गरीबों के बीच बांटी गई जलेबी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सुबह 8:30 बजे स्थानीय यमुना चौक पर रोटेरियन प्रभुनाथ प्रसाद, अरुण वर्मा एवं दीपक वर्मा के सहयोग से श्रमिकों एवं गरीबों के बीच राष्ट्रीय मिष्ठान जलेबी का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया।

36वें एक दिवसीय फुटबॉल मैच में बक्सर की शानदार जीत

रोटरी क्लब बक्सर की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय किला मैदान में स्वर्गीय रोटेरियन डॉ. एस. सिंह की स्मृति में 36वें एक दिवसीय फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। अपराह्न 3 बजे से आयोजित इस मुकाबले में बक्सर और बलिया की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। मैच देखने के लिए किला मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक पहुंचे। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले में बक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बलिया को 3-0 से पराजित कर जीत दर्ज की। मैच के प्रायोजक मेथोडिस्ट अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.के. सिंह रहे, जबकि कृष्णानंद सिंह ‘टुन्नू’ प्रोजेक्ट चेयर की भूमिका में रहे।

स्लम बस्तियों में रोट्रेक्ट क्लब ने बांटे 500 पैकेट लड्डू

रोटरी क्लब के साथ कदम से कदम मिलाते हुए रोट्रेक्ट क्लब के सदस्यों ने भी स्वतंत्रता दिवस को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ा। रोट्रेक्ट क्लब के साथियों ने बक्सर की विभिन्न स्लम बस्तियों में पहुंचकर करीब 500 पैकेट लड्डू का वितरण किया। इस दौरान बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं।

एकता और अखंडता बनाए रखने की ली शपथ

रोटरी क्लब बक्सर द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में क्लब एवं रोट्रेक्ट क्लब के प्रमुख पदाधिकारी, सदस्य तथा शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। रोटरी क्लब बक्सर के स्वतंत्रता दिवस समारोह ने यह संदेश दिया कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सेवा, युवाओं को प्रोत्साहन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से भी देश के प्रति अपने दायित्वों को निभाया जा सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button