भारत माता की जयघोष से गूंज उठा बक्सर, रेडियंट पब्लिक स्कूल की प्रभात फेरी ने जगाया देशभक्ति का जज्बा
15 अगस्त की पूर्व संध्या पर विद्यालय के दोनों ब्रांच के विद्यार्थियों ने निकाली भव्य प्रभात फेरी, प्रशासन ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह


न्यूज़ विजन | बक्सर
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बक्सर शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रेडियंट पब्लिक स्कूल की ओर से निकाली गई भव्य प्रभात फेरी में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे शहर को “भारत माता की जय” और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया। बच्चों के उत्साह, अनुशासन और देशप्रेम ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा और पूरे शहर में इस प्रभात फेरी की चर्चा बनी रही।
रेडियंट पब्लिक स्कूल की वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, चरित्रवन तथा लाढ़ोपुर, कम्हरिया, दानी कुटिया स्थित दोनों शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्रभात फेरी में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा और चेहरों पर देशभक्ति का उत्साह लिए बच्चे जब शहर की सड़कों से गुजरे तो वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। प्रभात फेरी की खास आकर्षण भारत माता की मनमोहक झांकी रही। पारंपरिक वेशभूषा और देशभक्ति से जुड़े प्रतीकों के साथ प्रस्तुत झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और इस अनूठी पहल की सराहना की।
सुरक्षा व्यवस्था में साथ रहा प्रशासन
प्रभात फेरी के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ प्रशासनिक टीम भी लगातार मौजूद रही। बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की गाड़ी आगे-आगे स्कॉर्ट करती हुई चली। शिक्षकों और प्रशासन की टीम के संयुक्त प्रयास से पूरी प्रभात फेरी शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने बच्चों के उत्साह और देशभक्ति की भावना की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। बच्चों को डेयरी मिल्क चॉकलेट देकर प्रशासन की ओर से उनके उत्साह की मिठास भी बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद करने और उनका उत्साह बढ़ाने का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।
“विद्यालय हो तो ऐसा, जहां संस्कारों के साथ सींचा जाए देशप्रेम”
प्रभात फेरी को लेकर शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना था कि विद्यालय केवल किताबों का ज्ञान देने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का भी केंद्र होना चाहिए। रेडियंट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने इस सोच को जीवंत कर दिया। विद्यालय के निदेशक पारस नाथ सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराने का दिन है। बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
प्रधानाध्यापक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि बच्चों के हाथों में तिरंगा और उनके मुख से निकलती भारत माता की जयघोष ने पूरे शहर को देशभक्ति के भाव से भर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उप प्रधानाध्यापक श्यामली सिंह ने कहा कि दोनों शाखाओं के विद्यार्थियों का एक साथ प्रभात फेरी में शामिल होना विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। बच्चों ने जिस अनुशासन और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, वह उनके संस्कार और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों के व्यवहार और जीवन मूल्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना देखना बेहद सुखद है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रहित को हमेशा प्राथमिकता देने का संदेश दिया। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने भी बच्चों की प्रभात फेरी की सराहना की और कहा कि इतने बड़े आयोजन को अनुशासित तरीके से संपन्न करना विद्यालय की बेहतर तैयारी और बच्चों के संस्कार को दर्शाता है। उन्होंने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं रहे मौजूद
प्रभात फेरी में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों के साथ प्रभाकर सर, चंदन सर, अशोक सर, रेखा मैम, विभा मैम, रीति मैम, प्रतीक्षा मिस, सोनी मैम, रीता मैम, संतोष पांडेय, रोहन सर, रिंकी मैम, पुनीत सर, ददन तिवारी सर, सुनील सर, श्रीराम सर, शर्मा सर, कुणाल सर, आयुष सर, मनमोहन सर, रिया ओझा मिस, राजीव रंजन सर, अनिल सर, नितीश सर, संजीव सर, सपना मिस, मनीष कुमार, अनीता मैम, पुष्पा मैम, अंकिता मिस, शालू मिस, रितिका मिस, प्रीति मिस, अंबिका मिस, छोटी मिस, दीक्षा मिस, अपराजिता मिस, ओमप्रकाश सर, रोहित सर, अंकुर सर, ओमप्रकाश राय सर, अभिषेक सर एवं अभय सर सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। रेडियंट पब्लिक स्कूल की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा जब संस्कार और राष्ट्रप्रेम से जुड़ती है, तो बच्चे केवल अच्छे विद्यार्थी नहीं, बल्कि देश के जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी आगे बढ़ते हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकली यह प्रभात फेरी बक्सर के लिए देशभक्ति, अनुशासन और संस्कार का यादगार संदेश छोड़ गई।





