रेलवे फुट ओवर ब्रिज पर ट्रैक्टर चढ़ाने का मामले में आरपीएफ ने चालक को किया गिरफ्तार
31 जुलाई की घटना में कार्रवाई तेज, रेलवे एक्ट की धारा 159 के तहत बैरी (इटाढ़ी) निवासी चालक रामजी यादव गिरफ्तार, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
31 जुलाई (शुक्रवार) को रेलवे फुट ओवर ब्रिज पर ट्रैक्टर-ट्रेलर चढ़ाने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान रामजी यादव (39 वर्ष), पिता मोहन यादव, निवासी ग्राम बैरी, थाना इटाढ़ी, जिला बक्सर के रूप में हुई है।
आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध रेलवे एक्ट की धारा 159 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में रेलवे के सुसंगत प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि रेलवे फुट ओवर ब्रिज यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए बनाया जाता है। इस पर ट्रैक्टर-ट्रेलर चढ़ाने की घटना को रेलवे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है, जिसके बाद आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
ज्ञात हो कि 26 करोड़ की लागत से बने आरओबी की छतिग्रस्त होने के बाद रेलवे गुमटी को भी बंद कर दिया गया जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। और लोगों को बक्सर शहर में आने के लिए लम्बा सफर तय करना पड़ता है। इसी बिच बीते शुक्रवार को एक ट्रेक्टर चालक ने परेशान होकर एफओबी पर चढ़ा दिया था जिसके बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर उसे उतरवाया था।





