RELIGION

सावन की पहली सोमवारी पर शिवमय हुआ बक्सर, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, जलाभिषेक को उमड़ा आस्था का सैलाब

ब्रह्मेश्वरनाथ, नाथ बाबा, रामेश्वरनाथ, गौरीशंकर और पातालेश्वर सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, बेलपत्र, गंगाजल और दूध से हुआ भोलेनाथ का अभिषेक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सावन के पावन माह की पहली सोमवारी पर पूरा बक्सर जिला भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया। सोमवार की अहले सुबह से ही जिले के नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर ही नहीं, पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़िए और शिवभक्त गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में पहुंचे और पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

 

जिले के प्रसिद्ध ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर, इटाढ़ी के सोखा बाबा मंदिर, चरित्रवन स्थित नाथ बाबा मंदिर, रामरेखा घाट के रामेश्वरनाथ मंदिर, सोहनीपट्टी गौरीशंकर मंदिर, पातालेश्वर नाथ मंदिर, नौलखा पंचमुखी शिव मंदिर, सिविल लाइन स्थित सिद्धनाथ बाबा मंदिर तथा विभिन्न प्रखंडों और गांवों के शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। चरित्रवन गंगा तट स्थित नाथ बाबा मंदिर में श्रद्धालु गंगा से पवित्र जल भरकर कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष गूंजते रहे। मंदिर के बाहर बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, फूल-माला और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर भारी भीड़ रही।

 

वहीं, रामरेखा घाट स्थित रामेश्वरनाथ मंदिर में महिलाओं और युवतियों की विशेष भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु पहले बेलपत्रों पर ‘राम-राम’ लिखकर भगवान शिव को अर्पित कर रहे थे, इसके बाद शिवलिंग का जलाभिषेक कर नंदी महाराज के कानों में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कर रहे थे। यह मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रतीक बन गया। सोहनीपट्टी गौरीशंकर मंदिर, पातालेश्वर नाथ, सिद्धनाथ बाबा मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। मंदिर समितियों और स्वयंसेवकों ने भीड़ को व्यवस्थित रखने, दर्शन की सुचारु व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए।

सावन की पहली सोमवारी पर पूरा जिला शिवभक्ति में डूबा रहा। शिवालयों में गूंजते भजन, शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button