बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच जमकर मारपीट, कई घायल
नई बाजार मठिया मोड़ के पास रास्ता पूछने को लेकर शुरू हुआ विवाद, गंभीर रूप से घायल बाराती रेफर; CCTV फुटेज से जांच में जुटी पुलिस

न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नई बाजार मठिया मोड़ मल्लाहचकीया के समीप रविवार की रात बारात में शामिल लोगों और स्थानीय युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में कई बाराती घायल हो गए। घायलों में सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी परविंदर उर्फ करिया सिंह (45 वर्ष), पिता स्व. गजाधर सिंह तथा राजा सिंह, पिता मुना सिंह सहित अन्य लोग शामिल हैं।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक गांव की बारात में शामिल होकर बक्सर आए थे। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में थे। इसी दौरान नई बाजार मठिया मोड़ के पास उन्होंने वहां मौजूद दो युवकों से एक मैरेज हॉल का रास्ता पूछा। रास्ता पूछने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद बारात में शामिल कुछ लोगों ने युवकों के साथ मारपीट और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल लोगों की संख्या 10 से अधिक थी।
मारपीट के दौरान परविंदर उर्फ करिया सिंह के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल करिया सिंह की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद सोमवार को घायल बाराती शिकायत दर्ज कराने मुफस्सिल थाना पहुंचे। मामले को लेकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि मारपीट की घटना सामने आई है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




