CRIME

चार घंटे में नावानगर लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार

धबछुआ मोड़ के पास ट्रक चालक को रोककर की थी लूटपाट, लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के नावानगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात ट्रक चालक के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर उद्भेदन कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार अपराधियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपराधी अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से ट्रक चालक से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।

 

इस संबंध में डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की रात चार अपराधियों ने नावानगर थाना क्षेत्र के धबछुआ मोड़ के समीप एक ट्रक चालक को रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने चालक से नकदी समेत मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि महज चार घंटे के अंदर लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धबछुआ गांव निवासी अखिलेश पासवान के पुत्र मुकेश कुमार, अतमी डेरा निवासी अशोक सिंह के पुत्र कृष्णा कुमार तथा कुंजनारा निवासी अशोक सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से ट्रक चालक से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि लूट की इस घटना में कुल चार अपराधी शामिल थे। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथा अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

त्वरित कार्रवाई में जुटी रही कई थानों की पुलिस

लूटकांड के उद्भेदन के लिए गठित पुलिस टीम में डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार, कोरान सराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, वासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, नावानगर अपर थानाध्यक्ष मिंटू कुमार, डीआईयू टीम सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लूट की घटना के बाद इलाके में बने तनाव और अपराधियों के मनोबल पर भी असर पड़ने की उम्मीद है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका तथा फरार आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध रहा है या नहीं। पुलिस की महज चार घंटे में की गई कार्रवाई को नावानगर लूटकांड के उद्भेदन में अहम सफलता माना जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button