कांवरिया की बेसुध होकर पानी भरे चाट में गिरने से मौत, साथियों से विवाद के बाद अकेले पैदल जा रहा था युवक
चौसा से गंगाजल लेने जा रहा था 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय, संगरॉव पुल के आगे हुई दर्दनाक घटना; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय कांवरिया की मौत हो गई। ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के बधार के समीप एक युवक अचानक बेसुध होकर पानी भरे चाट में गिर पड़ा। सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक उसे मदद नहीं मिल सकी। करीब एक घंटे बाद रास्ते से गुजर रहे अन्य कांवड़ियों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के भभुआ अंतर्गत कुढ़नी थाना क्षेत्र के कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय, पिता बच्चन पांडेय के रूप में हुई है।
दोस्तों से विवाद के बाद अकेले पैदल चल रहा था प्रदुमन
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदुमन पांडेय अपने गांव के कुछ साथियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर चौसा से गंगाजल लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर उसके साथियों से विवाद हो गया। विवाद के बाद साथियों ने उसे रास्ते में ही उतार दिया और आगे निकल गए। इसके बाद प्रदुमन अकेले पैदल ही आगे की ओर जाने लगा। बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 10:30 बजे वह संगरॉव पुल को पार करने के बाद आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक वह बेसुध होकर सड़क किनारे पानी भरे चाट में जा गिरा। आसपास सुनसान इलाका होने के कारण तत्काल किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।
एक घंटे बाद कांवड़ियों की पड़ी नजर
घटना के करीब एक घंटे बाद गुप्ता धाम की ओर जा रहे कांवड़ियों के एक जत्थे की नजर पानी भरे चाट में पड़े युवक पर पड़ी। कांवड़ियों ने तत्काल इसकी सूचना संगरॉव बाजार में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे स्थानीय युवकों और पुलिस को दी।सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकलवाया। जांच के बाद उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
घर में मचा कोहराम, श्रद्धालुओं में शोक
प्रदुमन की मौत की खबर मिलते ही कम्हारी गांव स्थित उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सावन के अंतिम सोमवार को गंगाजल लेने और धार्मिक यात्रा पर निकले अन्य श्रद्धालुओं के बीच भी इस दर्दनाक घटना से शोक की लहर दौड़ गई। रास्ते में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।





