OTHERS

अंतर्राष्ट्रीय रेलवे क्रॉसिंग जागरूकता दिवस: पाण्डेयपट्टी गुमटी पर चला सुरक्षा अभियान, रेलवे ने कहा– ‘कुछ मिनट की जल्दबाजी बन सकती है जानलेवा’

पोस्टर-पंपलेट बांटकर लोगों को किया जागरूक, फाटक बंद होने पर इंतजार करने और अवैध क्रॉसिंग से बचने की दी गई सलाह

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रेम रंजन के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय रेलवे क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर पाण्डेयपट्टी रेलवे गुमटी गेट संख्या-72 पर विशेष सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, वाहन चालकों और बाइक सवारों को रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।

 

रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं रेलवे कर्मियों ने रेलवे फाटक पर पहुंचने वाले लोगों को सुरक्षा नियमों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पोस्टर और पंपलेट वितरित कर सुरक्षित रेलवे क्रॉसिंग के महत्व को समझाया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि ट्रेन के आने पर यदि रेलवे फाटक बंद हो तो किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें। ट्रेन के पूरी तरह गुजर जाने और फाटक खुलने के बाद ही क्रॉसिंग पार करें। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, ईयरफोन या तेज संगीत का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। रेल अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन रेलवे क्रॉसिंग पर गेटमैन तैनात नहीं हैं, वहां दोनों दिशाओं में ट्रेन की स्थिति सुनिश्चित करने के बाद ही सावधानीपूर्वक ट्रैक पार करें। साथ ही अवैध रेलवे क्रॉसिंग या अनधिकृत रास्तों का उपयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि यह न केवल दंडनीय अपराध है बल्कि गंभीर हादसों का कारण भी बन सकता है।

 

अभियान के दौरान अधिकारियों ने संदेश दिया कि “कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कई बार पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।” इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। इस विशेष जागरूकता अभियान में स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना, संटिंग मास्टर एम.एन. ओझा, गेटमैन विजय शंकर पाठक, पोर्टर बीरबल राय सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। सभी ने राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित रेल यात्रा एवं सुरक्षित रेलवे क्रॉसिंग के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button