OTHERS

बक्सर के मुरार पंचायत में लगा “सहयोग शिविर”, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया शुभारंभ

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने की पहल, लाभुकों को स्वीकृति पत्र भी किए गए वितरित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के चौगाई प्रखंड अंतर्गत मुरार पंचायत में मंगलवार, 16 जून को प्रशासन की ओर से आयोजित “सहयोग शिविर” का शुभारंभ अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद की मजबूत व्यवस्था स्थापित करना है।

 

अपर समाहर्ता ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि एक ही स्थान पर संबंधित विभागों के अधिकारी उनकी शिकायतों और आवेदनों का निस्तारण करते हैं। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने निष्पादित आवेदनों से संबंधित स्वीकृति पत्र लाभुकों के बीच वितरित किए। स्वीकृति पत्र प्राप्त कर लाभुकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान आसान और समयबद्ध तरीके से हो रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं पंचायत के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ऐसे सहयोग शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button