स्वास्थ्य कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, 26 सूत्री मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय पर घेरा
पुरानी पेंशन बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और तानाशाही आदेश रद्द करने की उठी मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कमेटी के आह्वान पर शनिवार को बक्सर में स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी लंबित 26 सूत्री मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचकर सचिव, स्वास्थ्य विभाग बिहार सरकार के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के जिला मंत्री आनंद सिंह ने किया। दोपहर 12 बजे सदर अस्पताल परिसर से सैकड़ों कर्मचारी आक्रोशपूर्ण नारेबाजी करते हुए सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। सभा को संबोधित करते हुए जिला मंत्री आनंद सिंह ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने ठेका एवं संविदा कर्मियों को नियमित करने, पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने, चार लेबर कोड को बिहार में लागू नहीं करने तथा एनएचएम कर्मियों के हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान की मांग उठाई।
उन्होंने सिविल सर्जन, बक्सर द्वारा जारी आदेश ज्ञापांक 1172 को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए तत्काल रद्द करने की मांग की। इस आदेश के तहत प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान को सिविल सर्जन के अनुमोदन से जोड़ दिया गया है, जबकि यह अधिकार पहले से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के स्तर पर निर्धारित है। संघ के राज्य उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि सरकार साजिश के तहत जिला कैडर के कर्मचारियों, विशेषकर एएनएम और लिपिकों को राज्य संवर्ग में शामिल कर रही है। उन्होंने इसे वापस लेकर पूर्व की भांति जिला कैडर व्यवस्था बहाल करने, एसीपी, सेवा संपुष्टि और अवकाश स्वीकृति का अधिकार सिविल सर्जन को देने की मांग की।
वहीं राज्य संघर्ष उपाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों से कर्मचारियों का मनोबल लगातार गिर रहा है। उन्होंने समय पर वेतन भुगतान सहित अन्य मांगों पर विस्तार से अपनी बात रखी। सभा को विनोद श्रीवास्तव, गीता कुमारी, कुन्तु कुमारी, नागेश पांडेय और रूक मीणा ने भी संबोधित किया। धरना-प्रदर्शन में अनिल कुमार, विनोद कुमार, खुशबु इंदु, सुमी हांसदा, लालपरी समेत सैकड़ों स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया।
वीडियो देखें :





