OTHERS

“सपनों को पंख देने बिहार सेंट्रल स्कूल पहुंचे UPSC IFS प्रित्येष राज, छात्रों को बताया सफलता का मंत्र”

UPSC Indian Forest Service में ऑल इंडिया 79वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रित्येष राज ने बिहार सेंट्रल स्कूल के छात्रों को लक्ष्य, मेहनत और सेल्फ स्टडी की ताकत समझाई, कहा — ‘आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही सफलता की असली कुंजी है।’

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शनिवार को शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला। विद्यालय परिसर उस समय उत्साह और ऊर्जा से भर उठा जब UPSC की प्रतिष्ठित परीक्षा Indian Forest Service (IFS) में पूरे देश में 79 वीं रैंक प्राप्त करने वाले शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रित्येष राज छात्रों के बीच पहुंचे।

 

अपने संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी साझा करते हुए प्रित्येष राज ने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र “सेल्फ स्टडी” और “नियमित अभ्यास” है। यदि छात्र अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करें तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता पाना संभव है। विद्यालय परिवार की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने पढ़ाई, संघर्ष, समय प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका प्रित्येष राज ने बेहद सरल और प्रेरणादायक ढंग से जवाब दिया।

 

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और उन्हें अभी से अपने सपनों के प्रति गंभीर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं माननी चाहिए, क्योंकि निरंतर प्रयास ही सफलता की असली पहचान बनता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में प्रेरणा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने प्रित्येष राज की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे प्रेरणा लेकर भविष्य में अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रित्येष राज के पिता प्रफ्फुल कुमार, दादा लक्ष्मी प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button