सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच, ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत लगा विशेष शिविर
उमरपुर पंचायत के बड़कागांव मानसिंह पट्टी उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित हुआ स्वास्थ्य शिविर, सफाई कर्मियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत मंगलवार को उमरपुर पंचायत के बड़कागांव मानसिंह पट्टी स्थित उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत उमरपुर, बक्सर (सदर) के सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
इस दौरान सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। शिविर में सभी सफाई कर्मी नारंगी जैकेट में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ लिखे बैनर के माध्यम से स्वच्छता और सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत मिशन के पंचायत सुपरवाइजर रंजीत कुमार राय ने बताया कि सरकार के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम चलाया जाता है। इसी क्रम में सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सफाई कर्मी नियमित रूप से कचरा उठाने और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में लगे रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच जरूरी है, ताकि किसी भी कर्मी को बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते उसका पता लगाया जा सके और आवश्यक उपचार एवं सलाह उपलब्ध कराई जा सके। शिविर के दौरान एएनएम सहित पंचायत के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों और पंचायत कर्मियों ने सफाई कर्मियों को स्वच्छता के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की अपील की।





