जदयू के समर्पित नेता मनोज उपाध्याय एमएलसी उपचुनाव मैदान में, बोले—जनप्रतिनिधियों के आशीर्वाद से तय है जीत
टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय बने उम्मीदवार, कहा—धनबल-बाहुबल नहीं, जनप्रतिनिधियों के भरोसे जीतेंगे चुनाव


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन करने के बाद मनोज कुमार उपाध्याय ने शुक्रवार को बक्सर बाईपास रोड स्थित एमजी रेजीडेंसी में एक प्रेसवार्ता आयोजित की। प्रेसवार्ता के दौरान मनोज उपाध्याय ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भोजपुर और बक्सर के जनप्रतिनिधियों का उन्हें भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है और यही समर्थन उनकी जीत सुनिश्चित करेगा।
मनोज उपाध्याय ने खुद को जदयू का एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति गहरी आस्था व्यक्त करते हुए उन्हें “बिहार का विश्वकर्मा” बताया। उपाध्याय ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, वह अतुलनीय हैं और उनके जैसा नेता न पहले हुआ है और न आगे होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें टिकट के योग्य नहीं समझा, जिसके चलते उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समर्पण और विचारधारा आज भी जदयू और नीतीश कुमार के प्रति कायम है।
चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बताते हुए उपाध्याय ने कहा कि इस बार का चुनाव धनबल और बाहुबल के प्रभाव को तोड़ने वाला होगा। उन्होंने कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के बीच जाकर हाथ जोड़कर समर्थन मांग रहे हैं और जनप्रतिनिधियों का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें जीत हासिल होती है, तो वे जनप्रतिनिधियों की आवाज को मजबूती से सदन में उठाएंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस मौके पर उनके समर्थक और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए जीत का भरोसा जताया।
वीडियो देखें :





