विधायक आनंद मिश्रा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में युवाओं ने किया हवन-पूजन
टाइफाइड व फ्लू से स्वास्थ्य खराब होने की बात, सामाजिक-राजनीतिक कार्यक्रमों से हैं दूर; समर्थकों ने महादेव और हनुमान जी से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के विधायक आनंद मिश्रा के शीघ्र स्वस्थ होने और मंगल स्वास्थ्य की कामना को लेकर शनिवार को युवाओं एवं समर्थकों द्वारा बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। इस दौरान भगवान महादेव एवं हनुमान जी की विधिवत पूजा कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया तथा विधायक के जल्द स्वस्थ होकर सक्रिय रूप से जनसेवा में लौटने की प्रार्थना की गई।
पूजा एवं हवन कार्यक्रम में भाजपा नेता सह युवा समाजसेवी प्रह्लाद मिश्रा के नेतृत्व में कई युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सभी ने विधायक आनंद मिश्रा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ एवं हनुमान जी से प्रार्थना की। भाजपा नेता एवं युवा समाजसेवी प्रह्लाद मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से विधायक आनंद मिश्रा का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने बताया कि विधायक को टाइफाइड एवं अन्य फ्लू संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण लगातार बुखार सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य खराब रहने के कारण वे पिछले कुछ दिनों से सामाजिक, राजनीतिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं।
प्रह्लाद मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण विधायक विधानसभा की बैठकों में भी शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर की जनता और उनके शुभचिंतक विधायक के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। इसी भावना के साथ बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में भगवान महादेव और हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं हवन कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की गई। हवन के दौरान उपस्थित युवाओं ने सामूहिक रूप से विधायक आनंद मिश्रा के जल्द स्वस्थ होने और पुनः पूरी ऊर्जा के साथ जनता के बीच लौटने की कामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच विधि-विधान से पूजा एवं हवन संपन्न कराया गया। इस अवसर पर प्रह्लाद मिश्रा, सुशील उपाध्याय, रंजन राय, विकास भारद्वाज, अभय भारद्वाज, देवराज दुबे, दिलीप उपाध्याय, सुमित पांडे, आयुष तिवारी, बिट्टू पाण्डेय, पुजारी राम राघवेंद्र जी, सोनू दुबे सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
न्यूज़ विज़न बक्सर विधायक आनंद मिश्रा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता है।




