OTHERS

रबी फसल की बेहतर पैदावार के लिए वैज्ञानिक खेती अपनाएं किसान : कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दिए उपयोगी सुझाव

आत्मा बक्सर के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में दलहन-तिलहन, गेहूं की उन्नत प्रजातियों, संतुलित उर्वरक प्रयोग और पराली प्रबंधन की दी गई जानकारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
प्रखंड कृषि कार्यालय, बक्सर के सभागार में शुक्रवार को आत्मा बक्सर के तत्वावधान में रबी फसल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में बेहतर उत्पादन, वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल अवशेष प्रबंधन तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि विभाग के पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, किसान सलाहकार एवं कृषि कर्मी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन भूमि संरक्षण के सहायक निदेशक चंदन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पांडेय, प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी तथा प्रखंड आत्मा अध्यक्ष मदन गोपाल लाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन, आधुनिक तकनीक से खेती तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों से फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने की अपील की। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया।

 

भूमि संरक्षण के सहायक निदेशक चंदन कुमार ने किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते कृषि परिवेश में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक तकनीकों का भी अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। इससे खेती की लागत को नियंत्रित करने के साथ उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी। कृषि वैज्ञानिक हरगोविंद जायसवाल ने रबी मौसम में दलहन एवं तिलहन फसलों की वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गेहूं की अधिक उपज देने वाली उन्नत प्रजातियों के चयन, बीज की गुणवत्ता तथा फसल के अनुसार संतुलित उर्वरक के प्रयोग के महत्व को समझाया। उन्होंने किसानों को मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बेहतर हो सकें।

कार्यशाला में किसानों को रबी मौसम में फसलों की बुआई से लेकर बेहतर उत्पादन तक अपनाई जाने वाली विभिन्न कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आधुनिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन अमरेश कुमार राय एवं विवेकानंद उपाध्याय ने किया। मौके पर अजय कुमार सिंह, बम रजनीश कुमार, एटीएम, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button