OTHERS

बिहार के 55 हजार पीडीएस डीलरों की आवाज को मिला नया नेतृत्व, डॉ. मनोज यादव बने प्रदेश अध्यक्ष, देवन रजक महामंत्री

पटना में संपन्न हुआ ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन का चुनाव, सात सूत्री मांगों को लेकर सरकार के समक्ष मजबूत लड़ाई का ऐलान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राजधानी पटना स्थित एम.आई.ए. सभागार में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, बिहार प्रदेश इकाई का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों (डेलीगेटों) ने सर्वसम्मति से डॉ. मनोज कुमार यादव को बिहार प्रदेश अध्यक्ष तथा देवन रजक को प्रदेश महामंत्री चुना। चुनाव के साथ ही 51 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत बिहार प्रदेश फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन एवं ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई।

 

55 हजार पीडीएस दुकानदारों की लंबित मांगों पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में बिहार के लगभग 55 हजार जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों की वर्षों से लंबित सात सूत्री मांगों पर गंभीर मंथन किया गया। नेताओं ने कहा कि जन वितरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने में दुकानदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उन्हें आज भी कई बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखा गया है। बैठक में जिन प्रमुख मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया, उनमें प्रत्येक पीडीएस दुकानदार को ₹30,000 मासिक मानदेय दिया जाए। अनुकंपा सीमा समाप्त की जाए। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था समाप्त कर दुकानदारों को स्वयं गोदाम से खाद्यान्न उठाने की अनुमति दी जाए। सरकार द्वारा निर्धारित परिवहन व्यय का भुगतान किया जाए। दुकानदारों की अधिकतम आयु सीमा 75 वर्ष निर्धारित की जाए। आयु पूर्ण होने के बाद उनके नामित व्यक्ति (नॉमिनी) को लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था लागू की जाए। खाद्यान्न वितरण केंद्रों के किराया, बिजली बिल, पीओएस मशीन मरम्मत एवं अन्य संचालन व्यय का वहन सरकार करे।

 

कंट्रोल एक्ट 2016 में संशोधन की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कंट्रोल एक्ट 2016 में आवश्यक संशोधन कर पीडीएस दुकानदारों के हितों की रक्षा करने वाला नया कानून बनाया जाए। नेताओं ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई व्यावहारिक समस्याएं हैं, जिनका समाधान कानूनी संशोधन के माध्यम से ही संभव है।

संगठन विस्तार के लिए चलेगा सदस्यता अभियान
प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में युद्धस्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिकाधिक दुकानदारों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

इन पदाधिकारियों का भी हुआ चयन
चंदन कुमार (भागलपुर) – कार्यकारी अध्यक्ष
हीरालाल यादव (मुजफ्फरपुर) – कोषाध्यक्ष
मोहम्मद अकील अहमद – प्रदेश उपाध्यक्ष
सहेंद्र पासवान – प्रदेश प्रवक्ता
महेश पासवान – कार्यालय प्रभारी

प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधि
इस अवसर पर विजय कुमार गुप्ता, अशोक यादव, गुलाब रजक, हरेंद्र पासवान, सुरेंद्र प्रसाद, दशरथ कुमार, रामचंद्र महतो, कामेश्वर सिंह, रामचंद्र पासवान, अश्विनी सिंह, जोगिंदर झा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं राज्य कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।

संगठन ने दिया संघर्ष का संदेश
बैठक के अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि पीडीएस दुकानदारों के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सुरक्षा के लिए संगठन मजबूती से संघर्ष करेगा तथा सरकार के समक्ष सभी मांगों को प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button