OTHERS

अपने कृषि क्षेत्र के कम से कम 25 प्रतिशत हिस्से में करें जैविक खेती

सदर प्रखंड स्थित ई किसान भवन में प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला व प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

न्यूज विजन। बक्सर
सदर प्रखंड स्थित ई किसान भवन में आत्मा की ओर से बुधवार को सदर प्रखंड स्थित ई-किसान भवन में एक दिवसीय खरीफ कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन आत्मा के उप निदेशक रणधीर कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि रमेश राय उर्फ मटरू राय, उप प्रमुख ओमप्रकाश तिवारी, प्रखंड आत्मा अध्यक्ष मदन लाल गोपाल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंकित कुमार तथा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

 

आत्मा के उप निदेशक रणधीर कुमार ने कहा कि बदलते जलवायु परिवर्तन और कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों के बीच वैज्ञानिक पद्धति से खेती करना समय की आवश्यकता बन गई है। किसान आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों, संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग तथा वैज्ञानिक सलाह के आधार पर खेती कर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की नई तकनीकों की जानकारी देना तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

 

उप निदेशक ने खेत बचाओ अभियान पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने कुल कृषि क्षेत्र के कम से कम 25 प्रतिशत हिस्से में जैविक खेती को जरूर अपनाएं। रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता खराब हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने किसानों को सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर खाड़ी देशों में जारी तनाव और युद्ध के कारण इस वर्ष रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसलिए किसानों को अभी से वैकल्पिक खेती पद्धतियों तथा प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित कृषि को बढ़ावा देना चाहिए।

 

कार्यशाला में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंकित कुमार ने किसानों से कहा कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। आने वाले समय में बिना फार्मर आईडी के किसी भी सरकारी कृषि योजना या अनुदान का लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने सभी किसानों से शीघ्र से शीघ्र अपना पंजीकरण कराने की अपील की। मौके पर पर प्रखंड कृषि सलाहकार समिति के सदस्य उमाशंकर पांडेय, उद्यान पदाधिकारी शिव कुमार, कृषि समन्वयक कमलेश पासवान, उमेश कुमार सहित काफी संख्या में स्थानीय महिला एवं पुरुष किसान मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button