भूमि विवाद सुलझाने के दौरान थाना परिसर में सीओ के साथ मारपीट, गला दबाने का आरोप; आरोपी हिरासत में
तिलक राय के हाता थाना में दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने पहुंचे अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय हुए घायल, प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के सिमरी अंचल क्षेत्र के तिलक राय के हाता थाना परिसर में शुक्रवार को भूमि विवाद के निपटारे के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना में सिमरी के अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सिमरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। थाना परिसर में ही एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ मारपीट की घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
घायल अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय ने बताया कि बीते 1 अगस्त 2026 को केशवपुर पंचायत के मानिकपुर गांव निवासी प्रथम पक्ष के रामबचन यादव एवं अन्य तथा द्वितीय पक्ष के ओमप्रकाश यादव एवं अन्य के बीच भूमि विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद लगातार बना हुआ था। मामले को सुलझाने के उद्देश्य से शुक्रवार को तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष ने फोन कर उन्हें थाना परिसर में बुलाया था। सीओ के मुताबिक, थाना पहुंचने के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में भूमि विवाद के समाधान को लेकर बातचीत और प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान जसदेव यादव ने कथित तौर पर उनका कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोप है कि जसदेव यादव ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाने का प्रयास किया और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना के संबंध में अंचलाधिकारी की ओर से तिलक राय के हाता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को करीब 1:30 बजे थाना परिसर में मारपीट और हाथापाई की घटना हुई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी जसदेव यादव, पिता रामचंद्र यादव को हिरासत में लिया है। थाना परिसर में भूमि विवाद के समाधान के दौरान एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना ने सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




