ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में ‘टी.सी.एस. टॉक’ की पहल, चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दिया स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का मार्गदर्शन
किताबी ज्ञान से आगे वास्तविक जीवन की समझ विकसित करने पर जोर, किशोरावस्था, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव

न्यूज़ विज़न। बक्सर
विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन के अनुभवों, चुनौतियों और संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल, चुरामनपुर ने ‘टी.सी.एस. टॉक’ नामक विशेष शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अनुभवी, विशेषज्ञ एवं सफल व्यक्तित्वों को विद्यालय में आमंत्रित कर विद्यार्थियों के साथ उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष, सफलता की कहानी और कार्यक्षेत्र की चुनौतियों से रूबरू कराया जा रहा है। इसी श्रृंखला के अंतर्गत शनिवार को विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. अनुभव तथा प्रसिद्ध स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) डॉ. इशिका भारद्वाज अतिथि के रूप में शामिल हुईं। डॉ. अनुभव ने विद्यार्थियों को सामान्य स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित खानपान, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्वस्थ रहने के लिए दैनिक जीवन में अच्छी आदतों को अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, डॉ. इशिका भारद्वाज ने विशेष रूप से बालिकाओं के स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सहज और उपयोगी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को सरल भाषा में समझाते हुए स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के परिचय एवं विद्यालय के उप निदेशक धर्मेंद्र पांडेय द्वारा उनके अभिनंदन और सम्मान के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रश्नोत्तर सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। संवादात्मक सत्र ने बच्चों को सहजता और बिना संकोच विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के भाषा प्रशिक्षक एवं उप-प्रधानाचार्य राहुल जायसवाल ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक एवं चेयरमैन कम डायरेक्टर धीरज पांडेय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करना भी है। टी.सी.एस. टॉक इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोगों से मिलकर उनके संघर्ष, सफलता, मेहनत, धैर्य और समर्पण से सीखने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक धर्मेंद्र पांडेय ने अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि टी.सी.एस. टॉक को नियमित शैक्षणिक एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके तहत शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, प्रशासन, तकनीक, कला, खेल एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।




