बासुदेवा में झाड़ियों से मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, चेहरा कुचलकर की गई हत्या! एक पैर भी गायब, सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
रविवार देर शाम घर से निकला था राजेश कुमार, सोमवार सुबह शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप; अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग जाम, फॉरेंसिक टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र के एक स्थानीय गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों को झाड़ियों में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। शव की भयावह स्थिति देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। युवक का एक पैर गायब था, जबकि चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया था। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहली नजर में उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। काफी प्रयास के बावजूद जब शव की पहचान नहीं हो सकी, तो ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर बासुदेवा कोइरी टोला निवासी राजेश कुमार के घर पहुंचकर उसके बारे में पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि राजेश रविवार की देर शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। ग्रामीणों ने जब झाड़ियों में शव मिलने की जानकारी दी, तो परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान राजेश कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया
अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को बासुदेवा के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों ने हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग की। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
फॉरेंसिक टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राजेश कुमार की हत्या किसने और किस वजह से की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इस जघन्य वारदात ने इलाके में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों को अब पुलिस की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।




