CRIME

बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे शिक्षक से दिनदहाड़े लूट, बाइक पर टंगा झोला लेकर फरार हुए अपराधी

ब्रह्मपुर एसबीआई से 1.05 लाख रुपये निकालकर गांव लौट रहे थे शिक्षक, प्रतापसागर के पास लघुशंका के लिए बाइक रोकते ही वारदात; मोबाइल की आखिरी लोकेशन हुकहां-लालगंज पथ पर मिली, सीसीटीवी में संदिग्ध बाइक सवार कैद

न्यूज विज़न। बक्सर
जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर बाइक सवार अपराधियों ने बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक शिक्षक को निशाना बनाते हुए उनकी बाइक पर टंगा रुपये से भरा झोला लेकर फरार हो गए। झोले में 1 लाख 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा था। इसके अलावा शिक्षक के पर्स में रखे 1500 रुपये भी अपराधी ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया गांव निवासी रामाशीष ठाकुर मध्य विद्यालय महुआर में शिक्षक हैं। बुधवार को वे ब्रह्मपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से रुपये निकालकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान प्रतापसागर गांव से करीब 100 से 150 मीटर पश्चिम उन्होंने लघुशंका के लिए अपनी बाइक रोकी।

 

बताया जा रहा है कि शिक्षक के बाइक रोकते ही बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक पर टंगे झोले को निशाना बनाया और झोला लेकर मौके से फरार हो गए। शिक्षक जब तक कुछ समझ पाते, अपराधी काफी दूर निकल चुके थे।

झोले में 1 लाख 5 हजार रुपये, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान था। वहीं, शिक्षक के पर्स में रखे 1500 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी गायब हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद नया भोजपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों तक पहुंचने के लिए शिक्षक के मोबाइल फोन को ट्रेस करना शुरू किया। जांच के दौरान मोबाइल की अंतिम लोकेशन हुकहां-लालगंज पथ पर मिली। इससे पुलिस को अपराधियों के संभावित भागने के रास्ते का सुराग मिला है।

पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगा है। फुटेज में दो बाइक सवार संदिग्ध नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों संदिग्ध मोबाइल फोन को सड़क पर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

नया भोजपुर पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी और अन्य तकनीकी माध्यमों से सुराग जुटा रही है। दिनदहाड़े शिक्षक को निशाना बनाकर की गई इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button