OTHERS

उर्स के मौके पर इटाढ़ी में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, 26 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

हजरत इब्राहिम शाह रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स पर आयोजित हुआ रक्तदान शिविर, थाना प्रभारी पूजा कुमारी ने किया उद्घाटन; ब्लड बक्सर की टीम ने निभाई अहम भूमिका

न्यूज विज़न। इटाढ़ी/बक्सर
हजरत इब्राहिम शाह रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के अवसर पर इटाढ़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन इटाढ़ी थाना प्रभारी पूजा कुमारी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। शिविर में कुल 26 रक्तवीरों ने रक्तदान किया।

 

उर्स के मौके पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई। आयोजन में नाजिम आलम, ट्विंकल आलम, आकाश जायसवाल सहित उनके साथी मौजूद रहे। वहीं ब्लड बक्सर की पूरी टीम ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

उद्घाटन के अवसर पर थाना प्रभारी पूजा कुमारी ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्त की आवश्यकता दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और चिकित्सा उपचार के दौरान पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि ब्लड का कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए रक्तदान महादान और जीवनदान है।

उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच में भी सहायक होता है। उन्होंने ब्लड बक्सर की ओर से चलाई जा रही ‘नई सोच, नई परंपरा’ की मुहिम की सराहना करते हुए रक्तदान को नेक कदम बताया।

रक्तदान करने वालों में नाजिम आलम, ट्विंकल आलम, अविनाश कुमार, सागर गुप्ता, खलील आलम, दानिश खान, अभिमन्यु गुप्ता, धीरज गुप्ता, शकील अंसारी, बबलू अंसारी, मिराज अंसारी, सुनील यादव, विशाल यादव, नौशाद अंसारी, फिरोज अंसारी, खुर्शीद अंसारी, टिंकू यादव और ताजिम आलम सहित अन्य रक्तवीर शामिल रहे।

शिविर में ब्लड बक्सर टीम के आदिल खान, नसीम नायक, शादाब आलम, अमन अली तथा जिला परिषद के अरमान मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजनकर्ताओं ने सभी रक्तवीरों के साथ-साथ मां तपेश्वर देवी ब्लड सेंटर के सहयोग के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराकर किसी परिवार की खुशियां लौटाई जा सकती हैं। इसी भावना के साथ शिविर के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

‘रक्तदान महादान, जीवनदान—मानवता सबसे बड़ा धर्म’ के संदेश के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने सामाजिक एकता, भाईचारे और मानव सेवा की मिसाल पेश की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button