स्मृति शेष अमित मानसिंहका की जयंती पर 3 अक्टूबर को होगा मेगा रक्तदान शिविर
जयनारायण गोयल स्मृति भवन में सुबह 10 बजे से आयोजन, रक्तवीरों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘ब्लड बक्सर’ की ओर से आगामी 3 अक्टूबर, शनिवार को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह रक्तदान शिविर स्मृति शेष अमित मानसिंहका जी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
रक्तदान शिविर का आयोजन जयनारायण गोयल स्मृति भवन (गोयल धर्मशाला), बक्सर में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बक्सर के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने इस वर्ष के रक्तदान शिविर को विशेष और व्यापक बनाने की तैयारी की है तथा जिले के रक्तवीरों से बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लेने की अपील की गई है।
आयोजकों के अनुसार, रक्तदान एक ऐसा सामाजिक कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा ऑपरेशन के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्तदान किसी परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। ‘ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग’ के संस्थापक प्रियेश रंजन एवं सदस्य सुमित मानसिंहका ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए जिले के सभी इच्छुक रक्तवीरों से रक्तदान शिविर में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग आगे आएं और रक्तदान कर इस सामाजिक अभियान को सफल बनाएं।
रक्तदान शिविर में शामिल होने के इच्छुक लोग रजिस्ट्रेशन अथवा अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8804433322 पर संपर्क कर सकते हैं। आयोजकों ने आम लोगों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस मेगा रक्तदान शिविर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लें।





