आदर्श नगर कलेक्ट्रेट रोड में 26वें वर्ष सजेगा वियतनाम के गणेश मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल
करीब 7 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा 50 फीट ऊंचा पंडाल, आकर्षक लाइटिंग के साथ सप्तमी से नवमी तक श्रद्धालुओं के लिए रहेगा प्रसाद की विशेष व्यवस्था


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के कलेक्टरेट रोड स्थित आदर्श नगर में दुर्गा पूजा समिति द्वारा लगातार 26वें वर्ष भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समिति की ओर से वियतनाम स्थित गणेश मंदिर की तर्ज पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 21 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव ने बताया कि इस वर्ष पंडाल निर्माण पर लगभग 7 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। पंडाल का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी कारीगर पिंटू पटवारी और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई लगभग 50 फीट तथा चौड़ाई करीब 35 फीट रखी गई है। पंडाल निर्माण में करीब 330 बांस, 7 हजार फीट बीट, 50 स्थान कपड़ा, 50 बंडल थर्मोकोल और 20 बंडल रस्सी का इस्तेमाल किया जा रहा है। कारीगरों की टीम पंडाल को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने में जुटी हुई है। वहीं, मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण सोनीपत निवासी मूर्ति कारीगर गुड्डू प्रजापति द्वारा किया जा रहा है।
आकर्षक लाइटिंग से जगमगाएगा पूजा परिसर
दुर्गा पूजा के दौरान आदर्श नगर का पूरा पूजा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा। समिति की ओर से विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग को भी रोशनी से सजाने की तैयारी है। समिति के अनुसार अंबेडकर चौक से आदर्श नगर की ओर जाने वाला मार्ग भी आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को रात के समय भी भव्य दृश्य देखने को मिलेगा।
सप्तमी से नवमी तक प्रसाद की विशेष व्यवस्था
आदर्श नगर दुर्गा पूजा समिति द्वारा पूजा के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सप्तमी के दिन खीर, अष्टमी को खिचड़ी तथा नवमी के दिन बेसन का हलवा प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे तैयारियों में
आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति में संयोजक गब्बर सिंह, कोषाध्यक्ष हेमंत यादव, सचिव मुकेश मिश्रा, उप कोषाध्यक्ष विकास चौधरी, उप सचिव राहुल गुप्ता तथा व्यवस्था प्रभारी मंगल सिंह शामिल हैं। इसके अलावा गौतम, विकास, दीपक, चंदन, राजेश पाल, राघवेंद्र, धनु, भोला, सोनू पांडे, सुजीत यादव, राजा पटेल, पप्पू कुमार, अख्तर अली, मनीष सिंह, नवीन तिवारी, लखन जी, कुंदन, सुमित सहित अन्य कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी आदर्श नगर का दुर्गा पूजा आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। वियतनाम के गणेश मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल, आकर्षक लाइटिंग और प्रसाद वितरण व्यवस्था आयोजन को खास बनाने की तैयारी में है।





