नाई समाज पर कथित अश्लील गीत के विरोध में फूटा आक्रोश, गणेश लाजवाब यादव का पुतला दहन
ज्योति प्रकाश चौक पर महासभा ने लगाए मुर्दाबाद के नारे, साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नाई समाज को कथित तौर पर निशाना बनाकर अश्लील गीत गाए जाने के विरोध में सोमवार, 29 सितंबर को राष्ट्रीय नाई महासभा, बक्सर बिहार के बैनर तले जिला मुख्यालय स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महासभा के सदस्यों ने गायक गणेश लाजवाब यादव का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग उठाई।
पुतला दहन के बाद राष्ट्रीय नाई महासभा के बक्सर जिलाध्यक्ष दिनानाथ ठाकुर ने कहा कि कथित अश्लील गीत को लेकर गायक गणेश लाजवाब यादव के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी के माध्यम से संबंधित अश्लील गीत को सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म से हटाने, नाई समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा ऐसे गीतों पर रोक लगाने की मांग की गई है। उन्होंने बिहार सरकार से भी मामले में कठोर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजमोहन ठाकुर ने कहा कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति के नाम पर अश्लील एवं आपत्तिजनक गीतों को समाज के बीच परोसे जाने से सामाजिक विद्वेष फैलने की आशंका रहती है। उन्होंने सरकार से ऐसे कलाकारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के वैशाली जिले के निवासी गायक गणेश लाजवाब यादव द्वारा नाई जाति को कथित तौर पर टारगेट करते हुए गीत गाना निंदनीय है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित गायक सोशल साइट्स से उक्त गीत को तत्काल हटाएं और नाई समाज के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही उन्होंने सरकार से अश्लील गीतों के खिलाफ प्रभावी कानून बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की सामग्री के माध्यम से किसी समाज या समुदाय को अपमानित करने की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई हो सके।
कार्यक्रम में महासभा के जिला मीडिया प्रभारी रामइकबाल ठाकुर, विनोद कुमार ठाकुर, रंजन ठाकुर, मंटू ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र ठाकुर, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू ठाकुर, जगदीश ठाकुर, वशिष्ठ ठाकुर, पिंटू ठाकुर, रामजी ठाकुर, मिथिलेश ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं दलित स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, अजीत राम, बीरबल रजक, प्रसाद, मनोज कुशवाहा समेत अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
वीडियो देखें :





