पेंशनरों की मांगों को लेकर बक्सर में दो दिवसीय धरना शुरू, पुरानी पेंशन बहाली समेत 10 सूत्री मांगों पर उठी आवाज
पेंशन नियमों में बदलाव, डीए को मूल पेंशन में शामिल करने, कम्यूटेशन की बहाली और रेलवे रियायत समेत कई मांगें; पूर्व सैनिक संघ ने भी दिया समर्थन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय पेंशनर फेडरेशन एवं बिहार पेंशनर एसोसिएशन के आह्वान पर पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर बक्सर में मंगलवार से दो दिवसीय धरना शुरू हुआ। जिला पेंशनर एसोसिएशन के सदस्यों ने जिला पदाधिकारी के समक्ष धरना देकर केंद्र एवं राज्य सरकार से पेंशनरों से जुड़ी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। यह धरना 29 और 30 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मार्च 2025 में संसद द्वारा पारित पेंशन संबंधी नियमों को वापस लिया जाना चाहिए। वहीं, 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी पेंशन संशोधन का लाभ देने के लिए आठवें केंद्रीय वेतन आयोग (8th CPC) की शर्तों में आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को प्रस्तुत करने और उनके क्रियान्वयन में होने वाली देरी को देखते हुए पेंशनरों को अंतरिम राहत प्रदान की जानी चाहिए।
धरना के दौरान डीए के 50 प्रतिशत हिस्से को मूल पेंशन में शामिल करने, कम्यूटेशन की अवधि को 10 वर्ष 8 महीने के बाद बहाल करने तथा पेंशन में एकरूपता सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा एनपीएस एवं यूपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई। पेंशनरों ने वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे एवं विमान यात्रा में 50 प्रतिशत रियायत देने तथा कोरोना काल के दौरान रोके गए 18 महीने के डीए के बकाया भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग भी रखी। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती उम्र और महंगाई को देखते हुए वरिष्ठ पेंशनरों के लिए अतिरिक्त पेंशन का प्रावधान जरूरी है। इसके तहत 65 से 75 वर्ष की आयु के बीच प्रत्येक पांच वर्ष पर पेंशन में 10 प्रतिशत वृद्धि तथा 80 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद पेंशन में 20 प्रतिशत वृद्धि की मांग की गई।
पूर्व सैनिक संघ ने दिया पूर्ण समर्थन
पेंशनरों के धरना कार्यक्रम को बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों ने भी समर्थन दिया। संघ के सदस्यों ने धरना स्थल पर पहुंचकर पेंशनरों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि भविष्य में भी उनके आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में सहयोग जारी रहेगा। समर्थन देने वालों में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह, अनुमंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, मुख्य सलाहकार राजेंद्र प्रसाद, सचिव मिथिलेश कुमार, कोषाध्यक्ष मोहन यादव के साथ फूल बदन सिंह, तारा बाबू, जनार्दन सिंह, हीरालाल एवं शिवकुमार सिंह शामिल रहे। पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों के समर्थन के लिए बिहार पेंशनर एसोसिएशन, जिला शाखा बक्सर की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
धरना में जिला मंत्री अरुण कुमार ओझा, परमहंस सिंह, जिला अध्यक्ष नित्यानंद ओझा, कोषाध्यक्ष हरे राम सिंह, राम सुरेश सिंह, अवध बिहारी, महावीर भगत, राजाराम जी, उषा देवी, कन्हैया सिंह और सूरज नाथ यादव सहित बड़ी संख्या में पेंशनर शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वीडियो देखें :





