OTHERS

डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास विवाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, डीडब्ल्यूओ से मांगा स्पष्टीकरण; डीडीसी की निगरानी में गठित हुई जांच समिति

छात्रों की शिकायतों पर डीएम साहिला ने लिया संज्ञान, जिले के सभी कल्याण छात्रावासों में सुविधाओं, सुरक्षा, भोजन, पानी और बिजली व्यवस्था की होगी जांच

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास के छात्रों द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचकर किए गए प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। छात्रों की शिकायतों पर जिलाधिकारी साहिला ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी बक्सर अरविन्द कुमार से स्पष्टीकरण की मांग की गई है, वहीं डीडीसी की देखरेख में जांच समिति का गठन किया गया है।

 

प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति जिले में विभाग द्वारा संचालित सभी छात्रावासों का निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान छात्रावासों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। कमियां मिलने पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

 

छात्रों की शिकायतों पर हुई कार्रवाई

छात्रों ने प्रशासन के समक्ष छात्रावास की व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याएं रखी थीं। छात्रों की ओर से जिला कल्याण पदाधिकारी पर जातिगत भेदभाव का आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग की गई। इसके अलावा एसडब्ल्यूओ और एक शिक्षक पर भी जातिवाद का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। छात्रों ने छात्रावास में लाइब्रेरी नहीं होने, प्रयोगशाला के नियमित रूप से संचालित नहीं होने, कंप्यूटर और कंप्यूटर कक्ष की व्यवस्था नहीं होने तथा स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। इसके साथ ही छात्रों ने बिजली की खराब व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बार दो से तीन दिनों तक छात्रावास में अंधेरा रहता है। पेयजल को लेकर भी छात्रों ने शिकायत की और पानी के दूषित होने का आरोप लगाया।छात्रों ने छात्रावास भवन की जर्जर स्थिति, कमरों में पानी लगने, शौचालय की सफाई, गेट और नल की व्यवस्था में कमी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या भी प्रशासन के सामने रखी। छात्रों ने बक्सर शहर में छात्रावास बनाए जाने की मांग भी की।

एडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक

छात्रों द्वारा जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम अरुण कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष राजू खरवार, डुमरांव एसडीएम, बक्सर एसडीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में छात्रों ने अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित मांग-पत्र एडीएम को सौंपा। अधिकारियों ने छात्रों की ओर से उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच एवं कार्रवाई का निर्णय लिया।

सभी छात्रावासों की होगी समीक्षा

जिला प्रशासन ने इस मामले को केवल रामपुर छात्रावास तक सीमित नहीं रखते हुए जिले में विभाग द्वारा संचालित सभी छात्रावासों की व्यवस्था की समीक्षा का निर्णय लिया है। डीडीसी की देखरेख में गठित जांच समिति छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा, भोजन, पेयजल और बिजली की व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। बैठक में अनिल प्रधान, सरोज राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button