OTHERS

श्री त्रिदंडी देव आवासीय संस्कृत उच्च विद्यालय में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

प्रधानाचार्य रविशंकर पांडेय ने फहराया तिरंगा, छात्र-छात्राओं को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का दिया संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के चरित्रवन स्थित श्री त्रिदंडी देव आवासीय संस्कृत उच्च विद्यालय, बक्सर में आजादी के 80वें वर्षगांठ के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य रविशंकर पांडेय ने किया।

 

समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य रविशंकर पांडेय ने आगंतुक अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण का भाव व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविशंकर पांडेय ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन हमारे परम योद्धाओं ने अपनी कुर्बानी देकर देशवासियों को आजादी दिलाई थी। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

 

उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावना का माहौल देखने को मिला। शिक्षक और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन करते हुए देश के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के सहायक शिक्षक अशोक कुमार मिश्रा, लिपिक मुकेश राय, प्रबंध समिति के सदस्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्र एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button