OTHERS

80वें स्वतंत्रता वर्ष में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 80 लोगों को बांटे गए 80 पौधे

साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल और मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के संयुक्त तत्वावधान में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
साबित ख़िदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल तथा मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, जिला बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही उत्साह, धूमधाम और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने और 80वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी अनूठा संदेश दिया गया। इस दौरान संस्था की ओर से 80 लोगों के बीच 80 पौधों का वितरण किया गया और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव सह साबित ख़िदमत फाउंडेशन अस्पताल के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम, डेंटल सर्जन डॉ. खालिद रज़ा, अधिवक्ता आजम, संस्था के सदस्य तथा अस्पताल के सभी नर्सिंग एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

देशभक्ति गीतों से गूंजा कार्यक्रम स्थल

स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ गुलाम ख्वाजा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों से हुआ। उनकी भावपूर्ण एवं जोशीली प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि भारत आज विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति करते हुए एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आकर अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। युवाशक्ति के सहयोग से भारत सामाजिक, वैश्विक, शैक्षणिक और कृषि समेत प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बन सकता है।

युवाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

डॉ. दिलशाद आलम ने युवाओं से देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। वहीं डॉ. खालिद रज़ा ने शानदार देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। उनके गीतों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अधिवक्ता आजम ने अपने प्रेरणादायक विचारों के माध्यम से देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

80 पौधों का वितरण बना आकर्षण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा 80 लोगों के बीच 80 पौधों का वितरण कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। संस्था की इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज में हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए पौधों की देखभाल करने और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन पुनः गुलाम ख्वाजा की प्रस्तुति के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण की भावना देखने को मिली। इस अवसर पर प्रियंका, सैयदा, अनीता कुमारी, जायसवाल, धनेश्वरी, आरती, देवांती, आशा, सोनम, तरन्नुम, नासिर, नसीम, सुनील, रवि, प्रदीप और एहसान सहित संस्था के सदस्य, अस्पतालकर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह ने यह संदेश दिया कि स्वतंत्रता का उत्सव केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि देश की एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का भी अवसर है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button