हर घर तिरंगा अभियान से गूंजा एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर, देशभक्ति के रंग में रंगे एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थी
30 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में हुआ आयोजन; पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का लिया संकल्प


न्यूज़ विज़न। बक्सर
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में बुधवार को 30 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में “हर घर तिरंगा” अभियान का आयोजन उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर का वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर एवं आसपास के क्षेत्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करे। आयोजन कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नायब सूबेदार मुन्ना राम, सूबेदार गंगाधर एवं सीटीओ अनूप कुमार सहित शिक्षक अशोक कुमार एवं रजनीश पाठक मौजूद रहे। एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अवसर पर एम.पी. हाई स्कूल में देशभक्ति एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता कराई गई। पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तिरंगा, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान एवं देश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में उनकी जानकारी को परखा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं अशोक कुमार, रजनीश पाठक, अनूप कुमार, अंजू, तमन्ना, परवीन सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
तिरंगा देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होती है। विद्यालय परिवार की ओर से कहा गया कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराने का माध्यम भी हैं। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में आयोजित कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।





