तेरह वर्षीय किशन रहस्यमय ढंग से लापता, बाजार जाने के बाद नहीं लौटा घर; परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
24 जुलाई से लापता है किशन कुमार यादव, नगर थाना में आवेदन देकर खोजबीन की मांग; आम लोगों से भी मांगी गई मदद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले से एक 13 वर्षीय किशोर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। कई दिनों तक रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के बावजूद जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने नगर थाना में आवेदन देकर पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को लगभग दोपहर 2:00 बजे सिविल लाइन निवासी कुंदन कुमार यादव का 13 वर्षीय पुत्र किशन कुमार यादव घर से बाजार कुछ सामान खरीदने के लिए निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने किशन के मोबाइल नंबर 8102569268 पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
किशन की मां दुर्गावती देवी ने बताया कि घर से निकलते समय किशन ने भूरे रंग की शर्ट और काले रंग की जींस पैंट पहन रखी थी। उन्होंने बताया कि परिवार ने अपने स्तर से हर संभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर सोमवार को नगर थाना में लिखित आवेदन देकर बच्चे की खोजबीन कराने की मांग की गई। परिजनों ने आम लोगों से भी भावुक अपील की है कि यदि किसी को किशन कुमार यादव के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो कृपया मोबाइल नंबर 9572319578 पर तत्काल सूचना दें, ताकि बच्चे को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपने बेटे के सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।





