CRIME

बंद पड़े बोरिंग से मजदूर का शव मिलने से सनसनी, हत्या के आरोप में सड़क जाम; नामजद आरोपी गिरफ्तार

दो दिन से लापता था मजदूर प्रवेश मुसहर, बंद बोरिंग से मिला शव। परिजनों ने करंट लगाकर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस ने पत्नी के बयान पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिन से लापता एक मजदूर का शव बंद पड़े बोरिंग से बरामद हुआ। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बगेन चौक के समीप मुख्य सड़क को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। वहीं, मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

मृतक की पहचान एकरासी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवेश मुसहर, पिता प्रेमा मुसहर के रूप में हुई है। वह गांव के ही मनन चौधरी के यहां मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार प्रवेश दो दिन पहले काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह परिजन उसकी तलाश करते हुए मनन चौधरी के बधार स्थित बंद पड़े बोरिंग के पास पहुंचे। वहां से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ। बोरिंग का दरवाजा बाहर से बंद था। ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो प्रवेश का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

 

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
शव मिलने के बाद परिजनों ने मनन चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जबरन मजदूरी कराता था। विरोध करने पर बिजली का करंट लगाकर प्रवेश की हत्या कर दी गई। परिजनों का दावा है कि मृतक की जांघ पर जले के निशान मिले हैं, जिससे उनकी हत्या की आशंका और मजबूत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बगेन चौक के पास मुख्य सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना पर बगेन गोला थाना पुलिस के अलावा मुरार और ब्रह्मपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। वरीय अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी सीता देवी के बयान पर मनन चौधरी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दुर्घटना की आशंका भी, जांच जारी
मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि खेत में काम करने के दौरान प्रवेश बोरिंग में प्रवाहित बिजली के करंट की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद घबराकर आरोपी ने शव को बोरिंग के अंदर छोड़ दिया और बाहर से ताला लगा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

एसडीपीओ ने क्या कहा
डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि बगेन गोला थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button