शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की लखनऊ में संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति समेत छह पर केस दर्ज
15 लाख नकद, 250 ग्राम सोना और लाखों का सामान देने के बावजूद चारपहिया वाहन की मांग का आरोप, लखनऊ पुलिस ने शुरू की जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के खड़हाटांड़ गांव की रहने वाली नवविवाहिता सोनाली कुमारी की शादी के महज चार महीने बाद लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ लखनऊ के इंदिरा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई अभिषेक ओझा ने बताया कि सोनाली कुमारी की शादी 26 फरवरी 2026 को भोजपुर जिले के पिंजरौली गांव निवासी कमलाकांत मिश्र के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान उनकी क्षमता से बढ़कर दान-दहेज दिया गया था। आरोप है कि विवाह में करीब 15 लाख रुपये नकद, लगभग 250 ग्राम सोना तथा करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार चारपहिया वाहन की मांग की जाती रही। परिजनों का आरोप है कि दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर सोनाली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसने अपने मायके वालों को इस प्रताड़ना की जानकारी भी दी थी, लेकिन परिवार ने रिश्ते को बचाने की कोशिश में समझौता कराने का प्रयास किया।
बताया गया कि 28 जून को सोनाली अपने पति के पास लखनऊ गई थी। इसके बाद 4 जुलाई को पति कमलाकांत मिश्र ने फोन कर सूचना दी कि सोनाली ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग लखनऊ पहुंचे, जहां शव की स्थिति देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई। मृतका के भाई का कहना है कि सोनाली के गले, हाथ और पैरों पर रस्सी के निशान थे, जिससे यह मामला आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उनकी बहन की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
इंदिरा नगर थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति कमलाकांत मिश्र, ससुर श्रद्धानंद मिश्रा, सास रामवती देवी, ननद गिरजा चौबे, भसुर लक्ष्मीकांत मिश्रा तथा लक्ष्मी देवी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद मृतका के गांव खड़हाटांड़ और परिजनों में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।





