तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से थर्मल प्लांट कर्मी की मौत, 16 वर्षीय भांजा गंभीर
राजपुर थाना क्षेत्र के रोइनिभान भीलमपुर के पास हुआ हादसा, ड्यूटी से घर लौट रहे थे बाइक सवार; पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर रोइनिभान भीलमपुर गांव के समीप शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में चौसा स्थित निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार 16 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के पचोखर गांव निवासी इजहार अली के पुत्र मोहम्मद गुलशेर के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर की पहचान 16 वर्षीय सलमान, पिता परवेज, निवासी डाक बंगला गांव, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद गुलशेर चौसा स्थित निर्माणाधीन थर्मल प्लांट में कार्यरत थे। शुक्रवार को रोज की तरह ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ उनका भांजा सलमान भी बाइक पर सवार था। जैसे ही उनकी बाइक रोइनिभान भीलमपुर गांव के समीप पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार एक अज्ञात ब्रेजा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहम्मद गुलशेर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलमान का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





