OTHERS

E20 पेट्रोल पर उठे सवाल: आम आदमी पार्टी ने इंजन खराबी की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की

जिला महासचिव रंजीत कुमार बोले— एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से ले केंद्र सरकार, बेहतर ईंधन केवल महंगे दाम चुकाने वालों तक सीमित नहीं होना चाहिए

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
देशभर में एथेनॉल मिश्रित (E20) पेट्रोल को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार से इस मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। पार्टी के जिला महासचिव रंजीत कुमार ने कहा कि यदि आम जनता को एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों, विशेषकर मोटरसाइकिलों और छोटे चार-पहिया वाहनों में इंजन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो सरकार को इन शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि दिल्ली में वर्तमान समय में अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध हैं। उनके अनुसार एथेनॉल युक्त पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर, XP95 पेट्रोल ₹109.24 प्रति लीटर तथा एथेनॉल मुक्त XP100 पेट्रोल ₹167.35 प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या बेहतर गुणवत्ता वाले ईंधन तक पहुंच केवल उन्हीं लोगों की होगी, जो अधिक कीमत चुकाने में सक्षम हैं। रंजीत कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम जनता की समस्याओं को समझते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच करानी चाहिए। यदि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से जुड़ी शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो उनका शीघ्र समाधान किया जाए और जनता को स्पष्ट एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

 

उन्होंने कहा कि आज आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में यदि बेहतर गुणवत्ता वाले ईंधन और सुविधाएं लगातार अधिक कीमत चुकाने वालों तक ही सीमित होती जाएंगी, तो इससे सामाजिक और आर्थिक असमानता और गहरी होगी। सरकार की प्राथमिकता ऐसी नीतियां होनी चाहिए, जिनसे प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुलभ और किफायती दरों पर मिल सकें। रंजीत कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मानना है कि शासन की जिम्मेदारी सभी नागरिकों को समान अवसर और समान गुणवत्ता की सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार को ऐसी नीतियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, जो आम जनता के हितों की रक्षा करें और बढ़ती आर्थिक विषमता को कम करने में सहायक हों।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button