बक्सर नगर वाली माँ काली का वार्षिक पंचित पूजा की तैयारी पूरी, श्रद्धालुओं के लिए होगा व्यापक इंतजाम
महिलाओं-पुरुषों के लिए अलग कतार, दोपहर 12 से 3 बजे तक विशेष पूजा के दौरान दर्शन रहेंगे बंद, सुरक्षा व सेवा व्यवस्था में सैकड़ों स्वयंसेवक तैनात


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर के बाईपास रोड स्थित प्रसिद्ध जय माँ काली (नगर वाली) मंदिर में आयोजित होने वाला वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव इस वर्ष 29 जून (सोमवार) को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस महापर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन-पूजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि हजारों की संख्या में आने वाले भक्त शांतिपूर्ण वातावरण में माँ काली का दर्शन एवं पूजन कर सकें।
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव शिवकुमार खेमका ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 19 जून से नगरवासियों द्वारा माँ काली का जलाभिषेक, पूजन एवं आराधना लगातार की जा रही है। 29 जून को आयोजित होने वाली वार्षिक पंचित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के प्रवेश एवं दर्शन के लिए मंदिर के बाईं ओर बाईपास मार्ग से कतार बनाई जाएगी, जबकि पुरुष श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के दाईं ओर अलग प्रवेश एवं कतार की व्यवस्था रहेगी। मंदिर प्रबंधन समिति के स्वयंसेवक पूरे समय श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे दर्शन-पूजन व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
दोपहर 12 से 3 बजे तक रहेगा विशेष पूजन
शिवकुमार खेमका ने बताया कि मंदिर का वार्षिक पंचित पूजन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन-पूजन पूरी तरह बंद रहेगा। इस विशेष अनुष्ठान में केवल मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं अधिकृत सदस्य ही शामिल होंगे। पूजन संपन्न होने के बाद दोपहर 3 बजे से मंदिर पुनः श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए खोल दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। सुरक्षा की संपूर्ण जिम्मेदारी बसंत कुमार को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों की टीम मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार तैनात रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सेवा कार्यों की जिम्मेदारी भी तय
मंदिर प्रबंधन समिति ने विभिन्न सेवा कार्यों के लिए भक्तों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बिट्टू केशरी को शरबत (नींबू) एवं ठंडा पानी काउंटर, दीपक जायसवाल को प्रसाद वितरण तथा मनोज गुप्ता को जूता-चप्पल स्टैंड की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सहयोगी के रूप में विनोद वर्मा, संजय चौधरी, मुन्ना केसरी, लालजी वर्मा, प्रमोद केसरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता पूरे आयोजन के दौरान अपनी सेवाएं देंगे। मंदिर प्रबंधन समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समिति द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें, कतारबद्ध होकर दर्शन करें तथा इस धार्मिक आयोजन को सफल, शांतिपूर्ण एवं गरिमामय बनाने में अपना सहयोग दें। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि माँ काली की कृपा से इस वर्ष का वार्षिक पंचित पूजा महोत्सव भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न होगा।





