RELIGION

उमरपुर के बड़का गांव में शनिचरा बाबा की पूजा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पूजा को लेकर पूरे गांव में दिखा उत्सव का माहौल, मंदिर परिसर में लगा मेला; दोगोला कार्यक्रम में अजीत हलचल और कमलवास कुंअर जमाएंगे रंग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर प्रखंड के उमरपुर पंचायत अंतर्गत बड़का गांव मानसिंह पट्टी में शनिवार को शनिचरा बाबा की पूजा-अर्चना बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ की गई। पूजा समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा शनिचर के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

 

शनिचरा बाबा की पूजा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आयोजन समिति एवं ग्रामीण सक्रिय रहे। पूजा के दौरान पूरा बड़का गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। पूजा समारोह के अवसर पर मंदिर के समीप मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन लगाए गए थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का जमकर आनंद उठाया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा के साथ मेले का भी लुत्फ उठाया, जिससे आयोजन स्थल पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।

 

आयोजन समिति की ओर से पूजा समारोह के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत दोगोला कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इसमें प्रसिद्ध गायक अजीत हलचल और कमलवास कुंअर अपने भजनों एवं गायकी से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। दोगोला कार्यक्रम को लेकर भी ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। पूजा समारोह के आयोजनकर्ता बेनी माधव राय, कुश तुरहा एवं नेपाली तुरहा रहे। आयोजकों ने बताया कि बाबा शनिचर की पूजा प्रत्येक वर्ष इसी तरह श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई जाती है। आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं के साथ-साथ ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से पूजा समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्सवी माहौल में संपन्न हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button