संघर्ष, मेहनत और संकल्प की जीत: मलिकौन्धा के आशुतोष सिंह बने एसडीएम, बक्सर का बढ़ाया मान
70 वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अनुमंडल पदाधिकारी पद पर हुए चयनित, गांव से लेकर जिले तक खुशी का माहौल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
इटाढ़ी प्रखंड के मलिकौन्धा गांव निवासी अशुतोष कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार ने कठिन संघर्ष, अथक परिश्रम और अटूट आत्मविश्वास के बल पर 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 98 वें रैंक प्राप्त कर शानदार सफलता प्राप्त करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के पद पर चयनित होकर बक्सर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार, गांव एवं जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। बधाई देने वालों का उनके घर पर तांता लगा हुआ है।
आशुतोष कुमार सिंह, मलिकौन्धा गांव निवासी बृज बिहारी सिंह एवं कंचन देवी के द्वितीय पुत्र हैं। एक साधारण परिवार में जन्मे आशुतोष ने सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपने सपनों को साकार करने का साहस दिखाया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम होता है। उनकी सफलता के पीछे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विशेष रूप से उनके बड़े भाई इंजीनियर अंजनी कुमार सिंह ने उन्हें हमेशा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर मार्गदर्शन दिया। परिवार के सहयोग और अपने अथक परिश्रम के बल पर आशुतोष ने यह मुकाम हासिल किया। आशुतोष की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर से हुई। वर्ष 2012 में उन्होंने मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद डीएवी पब्लिक स्कूल, खगौल (दानापुर) से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने पी.सी. कॉलेज, बक्सर से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और उसी दिशा में तैयारी शुरू कर दी थी।
बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता, लेकिन अशुतोष ने अनुशासन, धैर्य और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर कदम बढ़ाए। कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अंततः अपने सपनों को साकार कर लिया। उनके पिता बृज बिहारी सिंह ने पुत्र की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और संकल्प मजबूत हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।
अशुतोष कुमार सिंह की सफलता आज बक्सर जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उन्होंने यह संदेश दिया है कि गांव की मिट्टी से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और गांव का गौरव बढ़ा है, बल्कि पूरे जिले को उन पर गर्व है। बक्सर जिला परिवार की ओर से अशुतोष कुमार सिंह को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।





