OTHERS

रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम बने ‘बेस्ट प्रेसिडेंट’, क्लब को मिले दर्जनों प्रतिष्ठित सम्मान

रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के वार्षिक सम्मान समारोह में बक्सर क्लब को क्लब एक्सीलेंस, आउटस्टैंडिंग क्लब सहित कई बड़े अवार्ड; बिहार-झारखंड में स्थापित की नई पहचान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 के वार्षिक सम्मान समारोह में रोटरी क्लब ऑफ बक्सर ने अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बिहार और झारखंड में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। क्लब के उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों, जनसेवा और नेतृत्व क्षमता के लिए क्लब को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। वहीं रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता द्वारा “बेस्ट प्रेसिडेंट अवार्ड” से सम्मानित किया गया। रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल को भी इसी सम्मान से नवाजा गया।

 

समारोह में रोटरी क्लब ऑफ बक्सर को क्लब एक्सीलेंस अवार्ड और आउटस्टैंडिंग क्लब अवार्ड सहित अनेक महत्वपूर्ण पुरस्कार प्राप्त हुए। यह सम्मान क्लब द्वारा पूरे वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा, युवा विकास, सामुदायिक सेवा तथा रोटरी फाउंडेशन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किए गए। रोटरी क्लब ऑफ बक्सर को समारोह में जिन प्रमुख पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, उनमें क्लब एक्सीलेंस अवार्ड, आउटस्टैंडिंग क्लब अवार्ड, बेस्ट पीपीएच प्लेटिनम अवार्ड, ईआरईवाई अवार्ड, टीआरएफ अवार्ड, ग्लोबल ग्रांट अवार्ड, पीएचएफ अवार्ड, बेस्ट यूथ सर्विस अवार्ड, बेस्ट हेल्थ कैंप अवार्ड, बेस्ट कम्युनिटी सर्विस अवार्ड, बेस्ट क्लब अवार्ड शामिल हैं। इन पुरस्कारों ने रोटरी क्लब ऑफ बक्सर को डिस्ट्रिक्ट 3250 के सबसे सक्रिय और प्रभावशाली क्लबों में शामिल कर दिया है।

 

नेतृत्व और सेवा भावना का मिला सम्मान
डॉ. दिलशाद आलम को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, समाजसेवा, स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान अभियान, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए बेस्ट प्रेसिडेंट अवार्ड प्रदान किया गया। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इस उपलब्धि को बक्सर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए डॉ. आलम एवं क्लब की पूरी टीम को बधाई दी।

समारोह में जुटे बिहार-झारखंड के रोटरी पदाधिकारी
सम्मान समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता के साथ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय छाबड़ा, जोगेश गंभीर, बिपिन सचान, बिंदु मैम, पी. बगाड़िया, अमित अग्रवाल, डॉ. अजय, डॉ. अजीत, मनोज जी समेत बिहार एवं झारखंड के 119 क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और सहायक गवर्नर उपस्थित रहे। रोटरी क्लब ऑफ बक्सर की ओर से सचिव एस. एम. साहिल, रोटरैक्ट प्रतिनिधि राहुल, मोनी त्रिपाठी, पब्लिक इमेज चेयर अभिषेक सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य समारोह में शामिल हुए। सदस्यों और समाज के लोगों ने दी बधाई क्लब की इस ऐतिहासिक सफलता पर एस. एम. साहिल, सौरभ, दीपक अग्रवाल, अरुण, प्रभुनाथ, मनीष, संजय सर्राफ, निर्मल सिंह, राजेश गोयल, प्रदीप जायसवाल, शिवाधार तिवारी, रियासत अली, आशीष गुप्ता, सतेन्द्र सिंह, डॉ. सी. एम. सिंह सहित क्लब के सभी सदस्यों ने खुशी जताई और डॉ. दिलशाद आलम को शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा रोटरैक्ट क्लब, रेड क्रॉस तथा विभिन्न सामाजिक एवं चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बधाई संदेश प्रेषित किए।

‘यह सम्मान पूरे बक्सर की जनता का है’ : डॉ. दिलशाद आलम
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि रोटरी क्लब ऑफ बक्सर के प्रत्येक सदस्य, रोटरैक्ट टीम, डिस्ट्रिक्ट नेतृत्व और बक्सर की जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी “यूनाइट फॉर गुड” की भावना के साथ समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

बक्सर के लिए गौरव का क्षण
रोटरी क्लब ऑफ बक्सर की यह उपलब्धि न केवल क्लब बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में क्लब की सक्रिय भूमिका ने उसे डिस्ट्रिक्ट स्तर पर नई पहचान दिलाई है, जिससे बक्सर का नाम पूरे बिहार और झारखंड में सम्मान के साथ लिया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button