जिला परिषद सदस्यों ने डीडीसी का फूंका पुतला, कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन
प्रशासनिक स्वीकृति में देरी और योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा का लगाया आरोप, अरबों रुपये की राशि खर्च नहीं होने का उठाया मुद्दा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला परिषद सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में जिला परिषद कार्यालय के समक्ष उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद बक्सर नीहारिका छवि का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व संयुक्त रूप से जिला परिषद सदस्यों ने किया। पुतला दहन के बाद सदस्यों ने उप विकास आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला परिषद की 15वीं एवं षष्ठम पंचम वित्त आयोग से संबंधित अरबों रुपये की राशि खर्च नहीं हो पा रही है। उनका आरोप है कि कमीशन तय नहीं होने के कारण पिछले छह माह से योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी फाइलें लंबित रखी गई हैं। जिला परिषद सदस्यों ने यह भी कहा कि यदि पूर्व उप विकास आयुक्त के कार्यकाल में कराए गए कार्यों में अनियमितता हुई है तो उसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना था कि सामान्य बैठकों में लिए गए निर्णयों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है और जिला परिषद डाक बंगला एवं परिषद की भूमि का रोजगारोन्मुख उपयोग कर आय बढ़ाने की दिशा में भी कोई पहल नहीं की जा रही है।
प्रदर्शन में केदार सिंह (जिला पार्षद, सिमरी), बेबी देवी, सुनैना देवी, धर्मेंद्र कुमार ठाकुर, सहाना खातून, गायत्री देवी, भोला यादव, मुर्तुजा अंसारी, मनोज सिंह, उमेश कुमार सिंह, अशोक यादव, रमेश यादव, सोना लाल सिंह, राजीव यादव सहित अन्य जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे।
वीडियो देखें :





