आम की कैरेट के नीचे छिपाकर लाई जा रही 34 लाख की शराब पकड़ाया, उत्पाद विभाग ने ट्रक समेत चालक को दबोचा
वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर सुबह 4 बजे हुई कार्रवाई, चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर जा रही थी 325 पेटी विदेशी शराब


न्यूज़ विज़न। बक्सर
उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर शराब तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें आम की कैरेट के नीचे बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर नियमित वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। ट्रक में ऊपर की ओर कैरेट में सड़े-गले आम रखे गए थे, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन गहन जांच करने पर आम की कैरेट के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। यह कार्रवाई वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट प्रभारी मध निषेध निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच में पता चला कि शराब की खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी।
उत्पाद अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक से कुल 325 पेटी शराब, जिसकी कुल मात्रा 2871.720 लीटर है, बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 34 लाख 46 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान रवि कुमार, पिता हंसराज, निवासी नंद गांव, रामशहर, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा चालक से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
वीडियो देखें :





