POLITICS

डीएम से मिला जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल, इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने समेत कई जनसमस्याओं पर की त्वरित कार्रवाई की मांग

सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अभिषेक पांडेय के नेतृत्व में सौंपा मांगपत्र, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आमजन की सुविधाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान कराया आकर्षित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जन सुराज पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला से मिला और शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इन मुद्दों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जन सुराज के वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अभिषेक पांडेय, जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा, अरविंद पांडेय, धनजी पांडेय तथा अजीत सम्राट शामिल थे।

 

इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की प्रमुख मांग
बैठक के दौरान नेताओं ने सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को पुनः खोले जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आरओबी के निर्माण के बाद से गुमटी बंद होने के कारण हजारों स्थानीय लोगों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे छात्रों, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। वरिष्ठ नेता अभिषेक पांडेय ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से भी मुलाकात कर मांग रखी जा चुकी है। महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया था कि मामला उनके संज्ञान में है तथा आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होते ही गुमटी को जल्द खोलने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

 

शहर की यातायात व्यवस्था पर जताई चिंता
प्रतिनिधिमंडल ने बक्सर नगर में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या और पार्किंग व्यवस्था की कमी का मुद्दा भी डीएम के समक्ष रखा। नेताओं ने कहा कि शहर में व्यवस्थित पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने नगर क्षेत्र में आधुनिक एवं व्यवस्थित पार्किंग स्थलों के निर्माण के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की मांग की, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और शहर की आवाजाही सुगम हो।

डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
जिला पदाधिकारी साहिला ने जन सुराज प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों पर प्रशासन संवेदनशील है और नियमों के अनुरूप उचित कदम उठाए जाएंगे।

जनता की आवाज उठाने का संकल्प
मुलाकात के बाद जन सुराज नेताओं ने कहा कि पार्टी आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल होने से इटाढ़ी रेलवे गुमटी, यातायात व्यवस्था और पार्किंग जैसी समस्याओं का जल्द समाधान निकलेगा, जिससे बक्सर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button